HPCL दोहरे हत्याकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, एसआईटी कर रही जांच

बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या करने के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पिता पर रंगदारी मांगने और जमीन कब्जाने के आरोप हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 9 May 2026, 6:32 PM IST
google-preferred

Budaun: जनपद में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) प्लांट में जीएम और एजीएम की सनसनीखेज हत्या के मामले में बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय प्रताप के पिता राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

गांव से हुई गिरफ्तारी

मूसाझाग थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात दबिश देकर राजेश को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजेश के खिलाफ रंगदारी मांगने, जमीन पर अवैध कब्जा करने सहित कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इस केस में मुख्य आरोपी अजय प्रताप और उसके दो भाई पहले ही जेल में बंद हैं।

मुख्य आरोपी का पिता गिरफ्तार

मां किरन देवी अभी भी फरार

वहीं इस मामले में अजय की मां किरन देवी का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। किरन देवी गांव की राशन कोटेदार रह चुकी हैं। उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अनियमितता और बिजली चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि किरन देवी को पूरे कांड की जानकारी थी।

12 मार्च को हुई थी दोहरे हत्याकांड की वारदात

यह पूरा मामला 12 मार्च 2026 का है। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित HPCL प्लांट में दिनदहाड़े प्लांट के जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता और असिस्टेंट जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो बड़े अधिकारियों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया था।

 SIT कर रही जांच

वारदात की गंभीरता को देखते हुए मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा था। इसके बाद शासन के निर्देश पर केस की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। एसआईटी के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की टीमें भी जांच में जुटी हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और फरार किरन देवी की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और घटना में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Location :  Budaun

Published :  9 May 2026, 6:27 PM IST

Advertisement