हिंदी
राजेंद्र पाल गौतम बने कांग्रेस के खिवैया (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Lucknow: जैसे-जैसे यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे सत्ता के गलियारों में राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गई है। सत्ताधारी पार्टी से लेकर विपक्ष तक सभी ने वोटरों को लुभाने के लिए अपने-अपने दिग्गज मैदान में उतार दिए हैं।
कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए पार्टी में अहम बदलाव किया है। कांग्रेस हाईकमान ने उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे को उनके पद से हटाकर राजेंद्र पाल गौतम को नया प्रभारी नियुक्त किया है। इस फैसले के बाद प्रदेश कांग्रेस की सियासत में हलचल तेज हो गई है और इसे आने वाले चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजेंद्र पाल गौतम लंबे समय से सामाजिक न्याय और दलित अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे। वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह पहले दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बाद में उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा।
अब उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम राज्य की जिम्मेदारी देकर कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि वह नए सामाजिक समीकरणों पर काम करना चाहती है।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण तैयार कर रही है। दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच पकड़ मजबूत करने की कोशिशें इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही हैं।
राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने के बाद राजनीतिक महकमे में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि राजेंद्र पाल गौतम मायावती को पाले में लाने का प्रयास करते दिख सकते हैं।
हालांकि, पिछले दिनों जब राजेंद्र पाल गौतम जब मायावती से मिलने उनके घर गए थे तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच रिश्तो में दरार जैसी स्थिति दिखी थी। बाद में राजेंद्र पाल गौतम ने मायावती का स्वास्थ्य जानने के लिए उनके घर जाने की बात कही थी। इसको लेकर कई प्रकार की बातें सामने आई थी।
अविनाश पांडे की यूपी कांग्रेस पर प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्ति मिल गई है। उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 से पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बनाया गया था। दिसंबर 2023 में उन्होंने प्रियंका गांधी का स्थान लिया था।
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ मिलकर उन्होंने लोकसभा चुनाव 2009 के बाद कांग्रेस के सबसे बेहतर प्रदर्शन में बड़ी भूमिका निभाई। दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 2 और 2019 के लोकसभा चुनाव में महज एक सीट पर जीत सकी थी।
Location : Lucknow
Published : 27 June 2026, 1:54 AM IST