हिंदी
क्यों गायब हैं उदय भाई और मजनू भाई? (Img- Pinterest)
Mumbai: बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फ्रेंचाइजी वेलकम की तीसरी इंस्टॉलमेंट 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome 3) शुक्रवार, 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस मल्टी-स्टारर फिल्म का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इस बार फिल्म में खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार की धमाकेदार वापसी हुई है, जिससे दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है।
हालांकि, फिल्म के रिलीज होते ही फैंस के मन में एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि इस फ्रेंचाइजी की जान कहे जाने वाले 'उदय भाई' (नाना पाटेकर) और 'मजनू भाई' (अनिल कपूर) इस तीसरे पार्ट से गायब क्यों हैं? अब खुद अक्षय कुमार ने इस पर से पर्दा उठा दिया है।
साल 2007 में आई 'वेलकम' फिल्म एक कल्ट क्लासिक साबित हुई थी, जिसमें अक्षय, नाना पाटेकर और अनिल कपूर की तिकड़ी ने दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया था। इसके बाद इसके सीक्वल 'वेलकम बैक अगेन' में अक्षय की जगह जॉन अब्राहम दिखे थे, लेकिन नाना और अनिल कपूर फिल्म का हिस्सा थे।
अब 'वेलकम 3' में अपनी वापसी और बाकी दोनों स्टार्स के न होने पर अक्षय कुमार ने पीटीआई (PTI) से बातचीत में कहा, "'वेलकम' एक पूरा परिवार है। इसमें नाना जी, मिस्टर अनिल कपूर, मैं और बाकी सभी लोग शामिल हैं। यह एक सगे परिवार जैसा है। यदि भविष्य में कभी 'वेलकम 4' बनती है, तो आप निश्चित रूप से उन सभी को एक बार फिर साथ में देखेंगे।"
'वेलकम टू द जंगल' का निर्देशन जाने-माने कोरियोग्राफर और डायरेक्टर अहमद खान ने किया है। उन्होंने बताया कि भले ही ये दोनों सीनियर एक्टर्स इस फिल्म के स्क्रीन पर नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन फिल्म के निर्माण के दौरान वे लगातार संपर्क में थे। अहमद खान ने कहा, "हम शूटिंग के दौरान भी फोन पर बात करते थे।
नाना पाटेकर ने हाल ही में फोन करके मुझसे पूछा था कि फिल्म कैसी बनी है और मुझे कब दिखाओगे? उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अक्षय से कह देना कि मैं अभी अवेलेबल नहीं हूं। वहीं अनिल सर ने भी फोन कर काम का हालचाल लिया और कहा कि अगली बार हम सब मिलकर कुछ बड़ा प्लान करेंगे।"
अक्षरा सिंह का बॉलीवुड डेब्यू बना ट्रेंड, अक्षय कुमार संग केमिस्ट्री पर क्यों फिदा हुआ इंडिया?
भले ही दर्शक इस बार अनिल कपूर और नाना पाटेकर के आइकॉनिक किरदारों को मिस कर रहे हों, लेकिन मेकर्स ने इसकी भरपाई करने की पूरी कोशिश की है। 'वेलकम टू द जंगल' में दर्शकों को उनके भाई-बंधुओं 'येडा अन्ना' और 'रोमियो' से मिलवाया गया है, जिनकी भूमिकाएं सुनील शेट्टी और अरशद वारसी निभा रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में एंटरटेनमेंट का तड़का लगाने के लिए दिशा पाटनी, रवीना टंडन, श्रेयस तलपड़े, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे मंझे हुए कलाकारों की एक लंबी फौज मौजूद है, जो सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है।
Location : Mumbai
Published : 26 June 2026, 3:48 PM IST