पंजाब टू बिहार अवैध शराब का करोबार, चंदौली से हुआ तस्करी के खेल का खुलासा

सदर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने ट्रक से 663 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई जा रही है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 26 June 2026, 9:23 PM IST
google-preferred

Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली के सदर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराज्यीय शराब तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर नवीन मंडी समिति गेट के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस कार्रवाई में दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।

 ट्रक में गुप्त केबिन बनाकर छिपाई गई थी शराब

पुलिस जांच में सामने आया कि शराब को ट्रक में बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था। तस्करों ने ट्रक के अंदर लोहे का एक गुप्त केबिन तैयार कराया था। इसके चारों ओर लकड़ी का बुरादा भर दिया गया था, ताकि बाहर से देखने पर किसी को शराब होने का शक न हो। तलाशी के दौरान पुलिस ने इस गुप्त केबिन से कुल 663 पेटी (5,898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।

58 लाख रुपये की शराब और ट्रक जब्त

बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 58 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक JH16K6822 को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार यह खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी।

गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हितेश देसाई और उमेश परमार के रूप में हुई है। दोनों गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि शराब की यह खेप बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रत्येक चक्कर के बदले उन्हें 50 हजार रुपये मिलते थे। इसके अलावा शराब की बिक्री होने पर उन्हें2 प्रतिशत कमीशन भी दिया जाता था।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि इस मामले में सिर्फ दो लोगों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। शराब की सप्लाई, परिवहन और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Chandauli

Published :  26 June 2026, 9:23 PM IST

Advertisement