Budaun News: गंगा में नहाने गए दो विद्युत संविदा भाइयों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी दो चचेरे-तहेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। एक का शव तुरंत मिल गया, जबकि दूसरे को चार घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने बाहर निकाला।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 June 2026, 7:22 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा घाट पर नहाने गए दो भाइयों की दर्दनाक मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवक विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी थे और ट्रांसफार्मर लगाने के काम के बाद अपने साथियों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

ट्रांसफार्मर लगाने के बाद गए थे गंगा नहाने

जानकारी के मुताबिक, मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव बगुला नगला निवासी 26 वर्षीय विवेक पुत्र लीलाधर और 22 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र दाताराम आपस में चचेरे और तहेरे भाई थे। दोनों युवक मुजरिया क्षेत्र में विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर काम करते थे। बताया गया कि दोनों अपने तीन अन्य साथियों के साथ सहसवान थाना क्षेत्र के ढक नगला गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए गए थे।

नहाते समय गहरे पानी में चले गए दोनों भाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान विवेक और कृष्णपाल धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ चले गए। कुछ ही देर में दोनों पानी में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण परेशानी हुई। ग्रामीणों ने किसी तरह कृष्णपाल को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। बाहर निकालते ही उसकी मौत हो गई।

VIDEO: मुहर्रम से लौट रहे थे 8 लोग, तभी सामने आ गया तेज रफ्तार ट्रक… कुछ ही सेकंड में बिछ गईं 7 लाशें

चार घंटे की तलाश के बाद मिला विवेक का शव

विवेक का कोई पता नहीं चलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे की तलाश के बाद विवेक का शव गहरे पानी से बाहर निकाला गया। दोनों भाइयों के शव घाट से बाहर आते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक साथ दो जवान बेटों की मौत की खबर से दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि दोनों युवक मेहनत करके अपने परिवार का सहारा बने हुए थे। किसी ने नहीं सोचा था कि एक सामान्य गंगा स्नान इतनी बड़ी घटना में बदल जाएगा।

ऑनलाइन दोस्ती से लेकर फर्जी सिम तक… मुजफ्फरनगर पुलिस ने खोला ठगी का पूरा खेल

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि गंगा घाटों पर स्नान करते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।

Location :  Budaun

Published :  26 June 2026, 7:22 PM IST

Related News

Advertisement