हिंदी
कई अधिकारी रहे मौजूद (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गुरुवार को नगर पालिका परिषद ने पुलिस विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान में मुख्य बाजारों और व्यस्त मार्गों पर सड़क व पटरी पर कब्जा कर दुकानें लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ अवैध होर्डिंग हटाए गए, सामान जब्त किया गया और 2,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति रही।
अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज के नेतृत्व में नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में अभियान चलाया। कार्रवाई कोतवाली नगर से जिला अस्पताल रोड, केनरा बैंक, गभड़िया पुल, पंजाब नेशनल बैंक, मेडिकल कॉलेज, बस स्टेशन, जिलाधिकारी आवास, गोपालदास पुल और आजाद पार्क तक की गई।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर लगे अवैध होर्डिंग हटाए गए। इसके अलावा सड़क पर रखा सामान हटाकर जब्त किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों से 2,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर पालिका की इस कार्रवाई से कई प्रमुख मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली।
अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेतावनी और जुर्माने के बावजूद यदि कोई दोबारा अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुल्तानपुर महिला अस्पताल में पास व्यवस्था पर विवाद, गार्ड और तीमारदारों की कहासुनी का वीडियो वायरल
अभियान के दौरान पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक, सहायक अभियंता संतोष कुमार, अवर अभियंता नीलम कुमारी, राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह, अनूप कुमार भारती सहित नगर पालिका परिषद के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Sultanpur
Published : 6 August 2026, 7:36 PM IST