हिंदी
भूमि विवाद में समझौते के उल्लंघन का आरोप (IMG: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद के देवमई ब्लॉक क्षेत्र स्थित टिकरा गांव में भूमि विवाद एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। गांव निवासी राज करन सिंह ने अपर जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया है कि पूर्व में हुए लिखित समझौते का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक मार्ग और नाली की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को राज करन सिंह और वीरेंद्र सिंह के बीच भूमि विवाद का निस्तारण गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में लिखित समझौते के जरिए किया गया था। समझौते में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी दीवार निर्धारित सीमा में बनाने तथा सार्वजनिक रास्ते और नाली के लिए पर्याप्त स्थान छोड़ने पर सहमति जताई थी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
Fatehpur: मानदेय नहीं तो काम नहीं! जानिए कर्मचारियों के हड़ताल का FMD अभियान पर क्या पड़ा असर?
राज करन सिंह का आरोप है कि अब समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सार्वजनिक रास्ते और नाली के लिए छोड़ी गई भूमि पर निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रार्थना-पत्र में राज करन सिंह ने अपर जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लिखित समझौते का पालन सुनिश्चित कराने, सार्वजनिक रास्ते और नाली की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। फिलहाल मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
Location : Fatehpur
Published : 1 August 2026, 7:34 PM IST