हिंदी
Oplus_16908288
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हसवा विकास खंड क्षेत्र में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। नेशनल हाईवे स्थित द रॉयल गार्डन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 51 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। समारोह के लिए कुल 57 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था।
विवाह स्थल को पारंपरिक तरीके से सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों और मंगलगीतों के बीच 21 आचार्यों ने विधि-विधान से विवाह की रस्में संपन्न कराईं। सुबह से ही वर-वधुओं और उनके परिजनों की चहल-पहल बनी रही। आचार्यों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद और सफल दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान और खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न होता है और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों पर भी अंकुश लगता है। उन्होंने नवदंपतियों को आपसी विश्वास, प्रेम और सहयोग के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने की सीख दी।
समारोह के दौरान थरियांव थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह और हसवा चौकी इंचार्ज अरुण मौर्य ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आयोजन समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया। विवाह संपन्न होने के बाद सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान, बीडीओ अशोक कुमार सिंह, एडीओ पंचायत कौशलेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश यादव, नोडल प्रभारी उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह, तहसीलदार लक्ष्मी बाजपेई, एपीओ नितिन श्रीवास्तव, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Location : Fatehpur
Published : 13 December 2025, 8:33 PM IST
Topics : couple Fatehpur Group Marriage police security