ओमान में जहाज पर हमला, नेपाल में हेलीकॉप्टर हादसा… विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को लेकर क्या बताया?

विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आईं। पश्चिम एशिया में 23 भारतीयों की मौत, काला सागर क्षेत्र में जहाजों पर हमले और दो नागरिकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 3 November 2026, 5:51 PM IST
google-preferred

New Delhi: विदेश में काम कर रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान 23 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। इनमें 15 भारतीय नाविक शामिल हैं। इसके अलावा, काला सागर क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों में भी पांच भारतीयों की जान गई है, जबकि दो नागरिक अब तक लापता हैं। मंत्रालय ने ओमान के तट के पास जहाज पर हुए हमले और नेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना को लेकर भी अहम जानकारी साझा की।

पश्चिम एशिया में 23 भारतीयों की मौत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के दौरान भारतीय नागरिकों की मौत के मामले सामने आए हैं। इनमें बड़ी संख्या में नाविक शामिल हैं, जो व्यावसायिक जहाजों पर काम कर रहे थे। काला सागर क्षेत्र में जहाजों पर हुए हमलों में भी भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। दो भारतीयों के लापता होने की जानकारी ने चिंता बढ़ा दी है।

ओमान के तट के पास जहाज पर हमला

ओमान के तट के पास एक व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले में भारतीय चालक दल का एक सदस्य मारा गया। प्रवक्ता के अनुसार, जहाज पर कुल 14 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे। इनमें से 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत वापस लाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि मृतक भारतीय के पार्थिव शरीर को देश वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है। मंत्रालय ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार जताया।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में शिक्षिका की हत्या से भड़का आक्रोश, शव सड़क पर रख परिजनों ने लगाया जाम

भारत ने सभी पक्षों से की शांति की अपील

रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत सभी संबंधित पक्षों से बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने की अपील करता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। समुद्री मार्गों पर हमलों से न केवल नाविकों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और माल की आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।

रूस के सामने भी उठाया गया भारतीयों का मुद्दा

विदेश मंत्री ने जी-20 बैठक से इतर रूस के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। इस दौरान यूरोप, मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों पर चर्चा हुई। रूस के पास मौजूद भारतीय नागरिकों की रिहाई का मुद्दा भी अलग-अलग स्तरों पर लगातार उठाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- एक तरफ जहरीली हवा, दूसरी तरफ बेरोजगारी का डर! GRAP-2 ने बढ़ाई मजदूरों की मुश्किलें

नेपाल हेलीकॉप्टर हादसे में भी भारतीय की मौत

नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकराने की घटना पर भी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है। भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है और शोक जताया है। मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Location :  New Delhi

Published :  3 November 2026, 5:51 PM IST

Advertisement