Fatehpur Crime: पुलिस ने लूट की झूठी सूचना का किया खुलासा, कई आरोपी गिरफ्तार; लाखों का माल बरामद

थरियांव थाना पुलिस एसओजी और सर्विलांस सेल की टीम के साथ चोरी की झूठी घटना का खुलासा किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 20 April 2025, 7:40 AM IST
google-preferred

फतेहपुर: थरियांव थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस सेल की मदद से लूट की झूठी सूचना का खुलासा कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट के नाम पर गायब किए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। यह पूरी घटना 18 अप्रैल 2025 को तब सामने आई जब सूरज दीक्षित नाम के व्यक्ति ने 112 पर कॉल कर लूट की सूचना दी।

झूठी सूचना से मचा हड़कंप

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, सूरज दीक्षित ने पुलिस को बताया कि आंबापुर और हसवा के बीच हाईवे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री धवल जायसवाल के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। गहन पूछताछ में सूरज की कहानी संदिग्ध लगी, जिसके बाद साजिश का पर्दाफाश हुआ।

किन्नरों की मिलीभगत से रची गई  साजिश

पुलिस जांच में पता चला कि सूरज दीक्षित रामलीला और डांस प्रोग्राम का ठेकेदार है और उसकी एक किन्नर परी उर्फ अनुज से गहरी दोस्ती है। परी की टीम में काम करने वाली किन्नर ट्विंकल को पैसों की जरूरत थी, जिसके चलते सूरज ने लूट की योजना बनाई। उसने पुराने जेवर देकर नए सोने-चांदी के जेवर बनवाए और परी के पास रख लिए। उसने सोने के जेवर अपने साथी शिवांश मिश्रा के जरिए अमित सोनी नाम के ज्वैलर को दो लाख रुपये में बेच दिए। इसमें से सूरज को 1.80 लाख रुपये मिले, जिसमें से 1.50 लाख रुपये उसने किन्नर राधिका के जरिए ट्विंकल को दिए और बाकी पैसे उसने खुद रख लिए।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सूरज दीक्षित, शिवांश मिश्रा, अमित सोनी, किन्नर परी, राधिका और छवि को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सामान में करीब 40 ग्राम सोना, 742 ग्राम चांदी और 1.80 लाख रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।इस मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय, एसओजी प्रभारी विनोद यादव और सर्विलांस प्रभारी ताराचंद्र पटेल की टीमों की अहम भूमिका रही।

Location :  Uttar Pradesh

Published :  20 April 2025, 7:40 AM IST

Advertisement