हिंदी
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उपभोक्ता फोरम के पीछे गंभीर जलभराव की समस्या सामने आई है। यहां अधिवक्ताओं के चैंबरों और मंदिर परिसर में गंदे नाले का पानी भर जाने से न केवल कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लंबे समय से जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण अधिवक्ताओं को चैंबर में बैठना तक दूभर हो गया है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। गंदे पानी की बदबू और मच्छरों के कारण वहां बैठना मुश्किल हो गया है, जिससे अधिवक्ताओं के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बरसात के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है, क्योंकि नाले का पानी सीधे चैंबरों और आसपास के परिसर में जमा हो रहा है।
मंदिर आने वाले श्रद्धालु भी परेशान
हनुमान मंदिर से सटे चबूतरे में भी गंदा पानी भरा हुआ है। मंदिर में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ सकती है।
अधिवक्ताओं ने दी चेतावनी
अधिवक्ता अभय प्रताप सिंह और राम किशोर सिंह सहित कई अधिवक्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारी संज्ञान नहीं ले रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गंदगी और जलभराव के कारण कई लोग बीमार पड़ सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Deoria Crime: देवरिया से चौंकाने वाला मामला, देवरिया पुलिस की कार्रवाई में बड़ा खुलासा
अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से नाले की सफाई, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था और परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि अधिवक्ताओं का कामकाज सामान्य हो सके और श्रद्धालुओं को भी राहत मिल सके।
Location : Fatehpur
Published : 6 February 2026, 6:15 PM IST
Topics : fatehpur crime up crime UP News