हिंदी
सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र
Sonbhadra: जनपद सोनभद्र के बभनी क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने पांच साल पहले मृत हो चुके व्यक्ति के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि मृतक का परिवार पुलिस नोटिस मिलने के बाद गहरे सदमे में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मरहू पुत्र शिव दास की मृत्यु करीब पांच वर्ष पूर्व 29 फरवरी 2021 को वाराणसी स्थित सर सुंदर लाल अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई थी। परिजनों के मुताबिक उस समय विधिवत अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था और परिवार सामान्य जीवन जी रहा था।
मृतक के छोटे पुत्र जय सिंह ने बताया कि म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरविल निवासी विजय जायसवाल ने अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालत में दिसंबर 2025 में उनके मृत पिता के खिलाफ धमकी देने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। इस बात की जानकारी परिवार को तब हुई, जब पुलिसकर्मी नोटिस लेकर उनके घर पहुंचे।
जय सिंह के अनुसार इस मामले में 9 जनवरी को न्यायालय में पेशी निर्धारित थी, लेकिन उस दिन अदालत बंद होने के कारण कार्यवाही नहीं हो सकी। अब सोमवार को फिर से पेशी तय की गई है। पुलिस द्वारा नोटिस तामील कराने के बाद परिवार पूरी तरह सकते में आ गया और उन्हें यह समझ ही नहीं आया कि मृत व्यक्ति के नाम पर मुकदमा कैसे दर्ज हो सकता है।
मृतक के पुत्र जय सिंह ने आरोप लगाया कि विजय जायसवाल उनकी जमीन हड़पने की नीयत से यह फर्जी मुकदमा दर्ज करवा रहा है। उनका कहना है कि इस मुकदमे के जरिए परिवार पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है ताकि वे अपनी जमीन से संबंधित विवाद में पीछे हट जाएं।
परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले के बाद उन्हें अपने मृत पिता की जमानत के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक स्थिति है। परिवार मानसिक रूप से काफी परेशान है और भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है।
कानून से आंख-मिचौली खेल रहा था अपराधी, सोनभद्र पुलिस ने लिया ऐसा एक्शन, सभी बदमाशों में डर का माहौल
मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से इस फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की है कि मृत व्यक्ति के नाम पर दर्ज मुकदमे को तत्काल निरस्त किया जाए और फर्जी केस दर्ज कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Location : Sonbhadra
Published : 10 February 2026, 2:59 PM IST
Topics : crime news murder police Sonbhadra UP News