हिंदी
मस्जिद इमाम की छुट्टी पर झगड़ा
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित बझेडी गांव में सोमवार को मस्जिद के इमाम की छुट्टी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। घटना में लाठी-डंडे चले और कई राउंड फायरिंग भी हुई। यह पूरी घटना पास ही के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
बताया जा रहा है कि गांव की मस्जिद के इमाम किसी जरूरी काम से छुट्टी पर गए थे। उनकी अनुपस्थिति में उन्होंने पढ़ाई के लिए एक लड़के को छोड़ दिया। इसी बात को लेकर फूल मियां ने हाजी मूसा से कहा कि मुफ्ती महीने में एक-दो बार छुट्टी पर जाता है, इसलिए इसकी परमानेंट छुट्टी कर दी जाए। हाजी मूसा ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया, जिसमें मारपीट और फायरिंग हुई।
संघर्ष का दृश्य पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हुई, साथ ही फूल मियां के पक्ष से फायरिंग की घटना भी हुई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस अधीक्षक (सीओ) राजू कुमार साव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। पीड़ित हाजी मूसा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त सरकारी पिस्टल भी बरामद की गई। सीओ राजू कुमार ने बताया कि मुकदमा गंभीर धाराओं, जिनमें धारा 307 भी शामिल है, के तहत दर्ज किया गया है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
सोनभद्र में चौंकाने वाली लापरवाही, मौत के बाद भी नहीं मिला सुकून; जानें क्या है पूरा मामला
सीओ राजू कुमार साव ने कहा, “कल शाम लगभग 5 बजे नई मंडी पुलिस को सूचना मिली कि बझेडी गांव में दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे से मारपीट और फायरिंग की पुष्टि हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और फायरिंग में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है। अग्रिम कार्रवाई जारी है।” इस घटना ने गांव में शांति और सुरक्षा की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 February 2026, 3:18 PM IST
Topics : crime news muzaffarnagar news UP News