हिंदी
हज के पाक सफर में यूपी का हर नौवां यात्री होगा मुरादाबादी (Img: Pinterest)
Moradabad: हज यात्रा 2027 का इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश के हजारों आजमीनों के लिए राहत और खुशी की खबर सामने आई है। इस बार किसी को लॉटरी में बाहर होने का डर नहीं रहा, क्योंकि प्रदेश से आवेदन करने वाले सभी 22,623 लोगों का चयन हज यात्रा के लिए कर लिया गया है। खास बात यह है कि मुरादाबाद ने एक बार फिर प्रदेश में सबसे ज्यादा हज यात्रियों वाला जिला बनने का गौरव हासिल किया है। आंकड़े बताते हैं कि 2027 में उत्तर प्रदेश से हज पर जाने वाला हर नौवां यात्री मुरादाबाद का होगा।
इस बार हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा 2026 समाप्त होने से पहले ही 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया था। तय कार्यक्रम के अनुसार 22 जून से 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए। बाद में अधिक संख्या में आवेदन आने के कारण अंतिम तारीख चार दिन बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई।
उत्तर प्रदेश से कुल 22,623 लोगों ने आवेदन किया। यह संख्या प्रदेश के निर्धारित कोटे से कम रही। इसी वजह से सभी आवेदकों का चयन लगभग तय माना जा रहा था। गुरुवार को लॉटरी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर दी गई और आधिकारिक रूप से सभी आवेदकों के चयन की घोषणा कर दी गई।
पहले पति ने पकड़े पैर, फिर देवर ने अपनी ही भाभी के साथ… मुरादाबाद से दिल दहला देने वाला मामला
हज यात्रा 2027 के लिए सबसे अधिक 2,493 आजमीन मुरादाबाद से चयनित हुए हैं। इसी आधार पर कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश का हर नौवां हज यात्री मुरादाबाद का होगा। पिछले साल यानी हज यात्रा 2026 में मुरादाबाद से 2,090 लोग हज पर गए थे। इस बार यह संख्या बढ़कर 2,493 हो गई है। यानी सिर्फ एक साल में जिले से 403 अधिक लोगों को हज यात्रा का मौका मिला है। पूर्व हज ट्रेनर हाजी मुख्तार असलम के अनुसार, मुरादाबाद लगातार प्रदेश में सबसे ज्यादा हज यात्रियों वाला जिला बना हुआ है और इस बार भी सबसे अधिक चयन इसी जिले से हुआ है।
चयनित आजमीनों को अब हज यात्रा की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहली किस्त जमा करनी होगी। हज कमेटी के अनुसार प्रत्येक चयनित यात्री को 10 अगस्त तक 1,52,300 रुपये जमा कराने होंगे। समय पर राशि जमा करने के बाद आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, जिनमें दस्तावेजों का सत्यापन, स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रिया और यात्रा की अन्य तैयारियां शामिल होंगी।
एक ‘गलत क्लिक’ और सालभर की मेहनत डूब गई पानी में, मुरादाबाद में छात्रों के साथ क्या हुआ?
उत्तर प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान हज यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में प्रदेश से करीब 15,457 आजमीन हज यात्रा पर गए थे, जिनमें 1,758 मुरादाबाद से थे। इसके बाद 2026 में प्रदेश से 18,760 लोगों ने हज यात्रा की, जिनमें मुरादाबाद के 2,090 आजमीन शामिल थे। अब 2027 में यह संख्या बढ़कर 22,623 हो गई है। यानी दो साल के भीतर उत्तर प्रदेश में हज यात्रियों की संख्या में 7,166 का इजाफा हुआ है। वहीं मुरादाबाद में भी दो वर्षों में 735 अधिक आजमीन हज यात्रा के लिए चयनित हुए हैं। यह बढ़ती संख्या बताती है कि जिले में हज यात्रा के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
हज यात्रा 2026 की शुरुआत 18 अप्रैल से हुई थी। सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद 2 जून से हज यात्रियों की वतन वापसी शुरू हुई, जो 28 जून तक चली। दिलचस्प बात यह है कि हज यात्रा 2026 समाप्त होने के महज 31 दिन बाद ही 30 जुलाई को हज यात्रा 2027 के लिए चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इससे आजमीनों को पहले से तैयारी करने और जरूरी दस्तावेज पूरे करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा।
Location : Moradabad
Published : 31 July 2026, 12:46 PM IST