रायबरेली में शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान, जानिए क्या है ये बड़ी तैयारी

रायबरेली में जिला प्रशासन ग्रामीणांचल में एक अनूठी पहल करने वाला है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

रायबरेली: रायबरेली में जिला प्रशासन ग्रामीणांचल में एक अनूठी पहल करने वाला है। अब ग्रामीण क्षेत्रों ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल पुस्तकालय खोले जाएंगे। इस प्रयास के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र छात्राओं को शहर की तरफ रुख नही करना पड़ेगा और उन्हें अपने गाँव में रहकर इस प्रकार की सुविधा मिल पाएगी जहाँ वे पुस्तकें व डिजिटल कंटेट प्राप्त कर पाएंगे।

पंचायत भवन से होगा लाइब्रेरी का संचालन

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,  इस मामले में आज जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जानकारी देते हुए बताया है कि जनपद रायबरेली की 200 से अधिक ग्राम पंचायतों में 4 लाख रुपये की लागत से पंचायती राज विभाग द्वारा डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना की जा रही है। इसमें वह ग्राम पंचायते जिनके पंचायत भवनों में न्यूनतम 2 कमरे एवं 01 हॉल हो उनका चयन किया गया है। लाइब्रेरी का संचालन पंचायत भवन से ही होगा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार 17 मार्च, 2025 को निर्गत शासनादेश के अनुसार भारत सरकार वित्त मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा स्कीम ऑफ स्पेशल अशिस्टेन्ट फॉर कैप्टल इन्वेस्टमेन्ट 2023-24 के दिशा निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में बाल एवं किशोर पुस्तकालय (डिजिटल लाईब्रेरी) का सृजन कराया जायेगा।

डिजिटल कन्टेन्ट के लिए व्यय

जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्य शील सिंह ने बताया है कि राज्य स्तर पर निदेशक पंचायती राज की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना में प्रयुक्त सामग्रियों का विशिष्टीकरण निर्धारित किया जायेगा। वहीं जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा फर्नीचर, कम्प्यूटर, किताब, अलमारी, एल०ई०डी० टी०वी० इत्यादि का क्रय जेम पोर्टल के माध्यम से किया जायेगा। कुल निर्गत 4 लाख रुपये में से 2 लाख रुपये फर्नीचर, अलमारी, कम्प्यूटर, टी०वी० आदि पर एवं शेष 2 लाख रुपये पुस्तकों एवं डिजिटल कन्टेन्ट के लिए व्यय किया जायेगा।

डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना

समस्त धनराशि जनपद स्तर पर जिला पंचायत राज अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के संयुक्त खाते से जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर व्यय की जायेगी। ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल पुस्तकालय का संचालन ग्राम पंचायत सहायक की ओर से किया जायेगा एवं जनपद स्तर पर डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना हेतु मुख्य विकास अधिकारी को शासन द्वारा नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

Location :  Raebareli

Published :  27 May 2025, 4:30 PM IST

Advertisement