Raebareli Bus Accident: कचहरी के पास दुकानों के छज्जे से टकराई ओवरलोड बस, मलबे में दबकर बच्ची व बुजुर्ग महिला घायल

रायबरेली के कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब दीवानी कचहरी के गेट नंबर तीन के सामने बारातियों से भरी एक ओवरलोड डबल डेकर बस दुकानों के छज्जे से टकरा गई।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 11 November 2026, 1:45 PM IST
google-preferred

Raebareli: उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली के कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब दीवानी कचहरी के गेट नंबर तीन के सामने बारातियों से भरी एक ओवरलोड डबल डेकर बस दुकानों के छज्जे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों का छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। अचानक हुए इस हादसे में एक नाबालिग बच्ची और बुजुर्ग महिला मलबे के नीचे दबकर घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे में बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि बुजुर्ग महिला भी घायल हुई हैं। अस्पताल में दोनों का उपचार कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Rae Bareli News: रायबरेली में शुरू हुआ स्कूल चलो अभियान, मिली100 नई एंबुलेंस की सौगात

असंतुलन के चलते वह दुकानों के छज्जे से टकराई बस

प्रत्यक्षदर्शियों अनूप कुमार, राहुल और राजू सहित अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि बारातियों से भरी डबल डेकर बस में ऊपर भारी मात्रा में सामान लदा हुआ था। बस पूरी तरह ओवरलोड दिखाई दे रही थी। लोगों के मुताबिक बस एक तरफ झुकी हुई थी और इसी असंतुलन के चलते वह दुकानों के छज्जे से जा टकराई। टक्कर लगते ही छज्जा टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में आकर दोनों लोग घायल हो गए।

ये भी पढ़ें: Rae Bareli: मामूली बात पर कलयुगी बेट ने वृद्ध मां को उतारा मौत के घाट

बस को कब्जे में ले लिया

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर मारने वाली बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि भारी सामान लादकर और क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलने वाले वाहनों पर सख्ती जरूरी है, ताकि सड़क पर चलने वाले आम लोगों की जान जोखिम में न पड़े। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Raebareli

Published :  11 November 2026, 1:42 PM IST

Advertisement