हिंदी
कलयुगी पिता ने मासूम बेटी को पीटा (img: Dynamite News)
Auraiya: औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। गांव गुरखुंदा में शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपनी ही तीन साल की मासूम बेटी को बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार गुरखुंदा गांव निवासी सुवेंद्र जाटव पुत्र परशुराम को शराब पीने की आदत है। ग्रामीणों का कहना है कि वह अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचकर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। परिवार में दो बीघा कृषि भूमि को लेकर सुवेंद्र और उसकी पत्नी सुमन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सुवेंद्र ने अपना मोबाइल फोन गिरवी रखा और उससे मिले पैसों से शराब खरीद ली। शराब पीने के बाद जब वह घर पहुंचा तो उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान उनकी तीन वर्षीय बेटी पलक बीच में आ गई।
औरैया में एआरटीओ का बड़ा एक्शन, बिना टैक्स और फिटनेस दौड़ रही बसें व लोडर सीज
आरोप है कि गुस्से में सुवेंद्र ने मासूम बेटी को जोरदार थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद बच्ची बेहोश होकर गिर गई। बच्ची की हालत देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों ने बच्ची को बचाने के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा भेजा गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र चिचौली के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और परिवार उसकी सलामती की दुआ कर रहा है।
औरैया में छुट्टियां मनाने गांव आया किशोर अस्पताल पहुंचा, परिवार पर 2.5 लाख का बोझ
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल बच्ची को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Auraiya
Published : 19 June 2026, 12:49 PM IST