औरैया में छुट्टियां मनाने गांव आया किशोर अस्पताल पहुंचा, परिवार पर 2.5 लाख का बोझ

औरैया में 14 वर्षीय किशोर यश राज गंभीर हादसे का शिकार हो गया। दादा-दादी से मिलने गांव आए यश के ऊपर निर्माणाधीन दीवार गिर गई। जिससे उसका पैर बुरी तरह टूट गया। अब परिवार बेटे के इलाज के लिए आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

Updated : 21 May 2026, 7:49 PM IST
google-preferred

Auraiya : जिले से एक बेहद भावुक और दर्दनाक मामला सामने आया है। गर्मियों की छुट्टियां बिताने दिल्ली से अपने दादा-दादी के पास गांव आया 14 वर्षीय किशोर अब अस्पताल के बेड पर जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे का पैर बुरी तरह टूट गया और अब उसके इलाज के लिए परिवार के सामने लाखों रुपये का संकट खड़ा हो गया है।

घटना एरवाकटरा थाना क्षेत्र के अतीवल गांव की है। घायल किशोर की पहचान यश राज के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक 19 मई की दोपहर करीब 12 बजे गांव के ही पड़ोसी सुखराम सिंह ने यश को अपने घर चल रहे निर्माण कार्य में मदद के लिए बुलाया था। घर में पुरानी दीवार तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और यश उसके नीचे दब गया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दीवार गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और गांव के लोग तुरंत घायल बच्चे को औरैया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया। फिलहाल यश का इलाज उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में चल रहा है।

औरैया में रात के सन्नाटे में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने लोडर को मारी टक्कर, चालक की मौत

परिवार ने बताया कि डॉक्टरों ने बच्चे के पैर के जटिल ऑपरेशन की बात कही है और आगे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर करने की सलाह दी है। इलाज में करीब 2 से 2.5 लाख रुपये तक का खर्च बताया गया है, जिसे सुनकर परिवार पूरी तरह टूट गया है।

मां की आंखों में आंसू, बोलीं- “इतने पैसे कहां से लाएं?”

घायल यश की मां ममता कुमारी ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली में बेहद सामान्य जीवन जीता है। उनके पति निजी सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं और इतनी बड़ी रकम जुटाना उनके लिए बेहद मुश्किल है। बेटे की हालत देखकर मां बार-बार रो पड़ती हैं।

ममता कुमारी ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद पड़ोसी परिवार ने कोई मदद नहीं की और न ही बच्चे का हालचाल लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अभी पूरा परिवार बेटे के इलाज में जुटा है, इसलिए पुलिस में शिकायत नहीं की गई है। हालांकि बेटे की तबीयत ठीक होने के बाद वह कानूनी कार्रवाई जरूर करेंगी।

Location :  Auraiya

Published :  21 May 2026, 7:21 PM IST

Advertisement