जमीन के विवाद में खूनी वारदात: उन्नाव में जीजा को मारी गोली, कानपुर हैलट में इलाज के दौरान मौत

उन्नाव के नवाबगंज में जमीन के बैनामे को लेकर विवाद में कन्हईया लाल को गोली मारने का मामला सामने आया है। परिजनों ने चचेरे साले नागेंद्र और उसके परिवार पर रंजिश का आरोप लगाया है। घायल कन्हईया लाल की कानपुर के हैलट अस्पताल में रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 October 2026, 2:57 PM IST
google-preferred

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में जमीन के विवाद को लेकर गोली मारने की वारदात सामने आई है। आरोप है कि जमीन का बैनामा न कराने से नाराज चचेरे साले ने अपने एक साथी के साथ मिलकर जीजा को गोली मार दी। घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे नवाबगंज कस्बे में हुई। गोली कन्हईया लाल (45) के जबड़े में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पहले असोहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीन साल पहले हुआ था जमीन का सौदा

सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ठकुराईनखेड़ा निवासी अमन के मुताबिक, उनके पिता कन्हईया लाल ने करीब तीन साल पहले पैसों की जरूरत के चलते मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी अपने चचेरे मामा नागेंद्र पुत्र हरिप्रसाद से करीब 13 बिस्वा जमीन का छह लाख रुपये में सौदा किया था। इसके लिए एक लाख रुपये बयाने के तौर पर दिए गए थे। अमन का आरोप है कि बाद में जब उनके पिता ने नागेंद्र से बाकी रकम मांगी, तो उसने जमीन खरीदने से इनकार कर दिया। उसने बयाने के रुपये वापस करने और जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात कही। इसके बाद कन्हईया लाल ने एक लाख रुपये लौटा दिए। हालांकि, अमन के अनुसार, इसके बावजूद नागेंद्र दोबारा ब्याज समेत रकम मांग रहा था और पैसे नहीं देने पर जमीन का बैनामा कराने का दबाव बना रहा था।

पहले भी घर आकर दी गई थी धमकी

अमन ने आरोप लगाया कि जमीन का बैनामा नहीं होने को लेकर नागेंद्र, उसके भाई भूपेंद्र उर्फ मोनू, सुशील उर्फ सन्नाम और उनके पिता हरिप्रसाद रंजिश रखने लगे थे। परिवार का दावा है कि इससे पहले भी आरोपी पक्ष के लोग उनके घर पहुंचकर धमकी दे चुके थे।

अपाचे बाइक से आए हमलावर, गोली लगने से मौत

परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 12 बजे अपाचे बाइक से दो लोग पहुंचे और कन्हईया लाल को गोली मारकर फरार हो गए। गोली उनके जबड़े में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल और फिर कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया, लेकिन रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। जमीन के विवाद में हुई इस वारदात को लेकर परिजनों ने आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई से जुड़ी जानकारी की पुष्टि के बाद ही आरोपियों की भूमिका तथा घटना के अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Unnao

Published :  25 October 2026, 2:41 PM IST

Advertisement