‘दबंगई पड़ी भारी, बाइक छोड़कर उल्टे पांव भागे हमलावर’: प्रतापगढ़ के बिहारगंज बाजार में बड़ा बवाल

प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिहारगंज बाजार में रविवार को दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान पहुंचे बाहरी बाइक सवारों ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमलावर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें जब्त कर पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 25 October 2026, 2:31 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: नगर कोतवाली के चिलबिला चौकी क्षेत्र के बिहारगंज बाजार में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे और लाठियां चलने लगीं।

व्यक्ति पर किया गया ताबड़तोड़ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, मारपीट के दौरान ही अचानक बाइक सवार चार से छह बाहरी युवक मौके पर पहुंचे और एक पक्ष के व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों की इस गुंडागर्दी को देखकर बाजार के स्थानीय लोग और ग्रामीण उग्र हो गए। ग्रामीणों ने लामबंद होकर हमलावरों को चारों तरफ से दौड़ा लिया। खुद को घिरता देख और भीड़ के गुस्से को भांपते हुए हमलावर अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर पैदल ही रफूचक्कर हो गए।

 

यह भी पढ़ें - Pratapgarh News: ‘आज मेरे पास शब्द नहीं, केवल भावनाएं हैं’… प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद रामपुर खास पहुंचीं मोना

बाजार में मची अफरातफरी, भारी भीड़ जमा

दिनदहाड़े बाजार में हुई इस हिंसक झड़प से दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। आसपास के लोग सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और बाजार में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही चिलबिला चौकी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और हालात को पूरी तरह नियंत्रित किया। हमलावर जो मोटरसाइकिलें छोड़कर भागे थे, पुलिस उन्हें जब्त कर अपने साथ चौकी ले गई है। पुलिस इन बाइकों के नंबरों के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

 

यह भी पढ़ें - Pratapgarh: मकान में रखे पटाखों में जोरदार धमाका, दो महिलाएं गंभीर घायल; पिता-पुत्र गिरफ्तार

पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की मुख्य वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घायलों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर अभी पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है, जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Pratapgarh

Published :  25 October 2026, 2:31 PM IST

Advertisement