हिंदी
किशोरी की संदिग्ध मौत, फोटो सोर्स -डाइनामाइट न्यूज
Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां के थाना उसहैत क्षेत्र के ग्राम खेड़ा जलालपुर में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रागिनी पुत्री दिनेश के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, रागिनी भैंसों को चारा डालने के लिए घर से निकली थी। चारा डालकर लौटते समय वह अचानक रास्ते में गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिवार का दावा है कि रागिनी को भैंस ने मार दिया था, जिससे उसके शरीर पर चोट आई। वहीं कुछ लोगों ने हार्ट अटैक की आशंका भी जताई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना गांव वालों ने रात में ही पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उसहैत पुलिस गुरुवार सुबह गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिवार में घटना के बाद से कोहराम मचा है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर परिजनों की तरफ से कोई तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Location : Budaun
Published : 19 June 2026, 2:00 PM IST
Topics : Budaun Latest News up crime UP News UP Police