खुद को घिरा देख पुलिस पर झपटा गौ तस्कर! बलिया में मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद

बलिया में आधी रात के बाद पुलिस और गौ तस्करी के आरोपी का आमना-सामना हुआ। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और उसके पास से हथियार बरामद किए गए।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 October 2026, 8:53 AM IST
google-preferred

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गड़वार पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गौ तस्करी के एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतसर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे गड़वार पुलिस शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौ तस्करी के मामले में वांछित आरोपी वहां मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।

बलिया कोर्ट का बड़ा एक्शन: 23 साल पुराने कोतवाल बदतमीजी मामले में मंत्री दयाशंकर सिंह पर गिरफ्तारी वारंट जारी

आवारा गोवंश को बिहार ले जाने का आरोप

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान सुगनी नट (32) पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट, निवासी आलमपुर, थाना गड़वार, बलिया के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अंधेरे में डूबे रहे विकास भवन के तमाम कार्यालय! बलिया में ट्रांसफार्मर खराबी से बिजली संकट, लोगों को लौटना पड़ा बैरंग

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के साथियों और गौ तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Ballia

Published :  17 October 2026, 8:53 AM IST

Related News

Advertisement