हिंदी
प्राथमिक विद्यालयों में निरीक्षण करते हुए डीएम मधुसूदन हुल्गी (Img: Dynamite News)
Deoria: जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय कतरारी और प्राथमिक विद्यालय मझगांवा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में चल रही पढ़ाई, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।
उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया और बच्चों से पुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का भी परीक्षण किया। डीएम ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: Deoria: पुलिस ने घेरा तो बदमाश ने चला दी गोली! जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी पशु तस्कर घायल, तमंचा बरामद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाए।
इसके साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें अच्छे संस्कार व बेहतर शिक्षा देना शिक्षकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझगांवा पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के अभिलेखों और मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन (एमसीपी) कार्ड की जांच की। निरीक्षण के दौरान एक महिला का वजन भी कराया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। सभी गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच, दवाएं और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज तथा सम्मानजनक व्यवहार मिले।
यह भी पढ़ें: Deoria: भटनी में मंदिर के पास खूनी खेल का खुलासा! युवक की मौत के बाद आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और आम जनता को बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Location : Deoria
Published : 7 August 2026, 1:30 PM IST
Topics : Deoria News dm madhusudan hulgi UP News