पत्नी के दिल्ली जाने से था परेशान, वाराणसी में 43 साल के पवन ने फंदे से लटककर दी जान

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में 43 वर्षीय पवन यादव ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक वह पत्नी और बेटी के दिल्ली चले जाने के बाद से परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 September 2026, 3:49 PM IST
google-preferred

Varanasi News: वाराणसी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी और बेटी से दूरी के चलते परेशान बताए जा रहे एक शख्स ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला (प्रह्लाद घाट) में शुक्रवार को 43 वर्षीय पवन यादव का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह जब परिजनों ने यह दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची आदमपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने मौके की जांच के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्नी और बेटी के दूर जाने से परेशान था पवन

पवन यादव की मां विमला देवी ने बताया कि उनके तीन बेटों में पवन सबसे बड़ा था। उन्होंने बताया कि करीब 20 साल पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद से पवन का मानसिक इलाज चल रहा था। विमला देवी के अनुसार, पवन की पत्नी सुनीता करीब डेढ़ साल पहले अपनी बेटी गार्गी के साथ दिल्ली चली गई थी। पत्नी और बेटी के दूर रहने की वजह से पवन अक्सर परेशान रहता था। परिवार का कहना है कि वह इस बात को लेकर काफी तनाव में था।

पुलिस ने पत्नी को किया फोन, बोली- दिल्ली में हूं

घटना की जानकारी मिलने के बाद आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने पवन की पत्नी सुनीता से भी संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, सुनीता ने बताया कि वह इस समय दिल्ली में है और अपनी बेटी की पढ़ाई की देखभाल कर रही है। उसने वाराणसी आने में असमर्थता जताई।

मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पवन की मौत के बाद उसकी मां विमला देवी, भाई अजय और अन्य परिजन सदमे में हैं। परिवार में मातम पसरा हुआ है। शुरुआती जानकारी में मानसिक तनाव और पारिवारिक परिस्थितियों को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Varanasi

Published :  18 September 2026, 3:49 PM IST

Advertisement