चंदौली में बच्चों के विवाद में चले चाकू, एक युवक की तड़प-तड़पकर मौत

चंदौली के रेमा गांव में बच्चों के विवाद के बाद हुए खूनी संघर्ष में 30 वर्षीय बबलू सोनकर की मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 September 2026, 6:13 PM IST
google-preferred

Chandauli News: चंदौली के रेमा गांव में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह 30 वर्षीय बबलू सोनकर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

बच्चों के विवाद के बाद आमने-सामने आए दो परिवार

जानकारी के मुताबिक, रेमा गांव में बुधवार को बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में मामला बच्चों तक ही सीमित था, लेकिन बुधवार रात करीब 8 बजे इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बड़े लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान बबलू सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर कराया गया था रेफर

परिजन आनन-फानन में घायल बबलू को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें लेकर पहुंचे, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 7 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बबलू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार के अनुसार, बबलू के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र महज 3 और 5 साल है।

पत्नी ने लगाया धारदार हथियार से हमला करने का आरोप

बबलू सोनकर की पत्नी आरती सोनकर ने बताया कि विवाद के दौरान उनके पति के पेट में धारदार हथियार से हमला किया गया था। उन्होंने बताया कि हमला लगने के बाद बबलू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सर सुंदरलाल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Location :  Chandauli

Published :  17 September 2026, 6:13 PM IST

Related News

Advertisement