हिंदी
देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाने से क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद मौर्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पारिवारिक कलह के चलते उठाया आत्मघाती कदम (Img- Internet)
Deoria: देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथरहट में जहरीला पदार्थ खाने से एक अधेड़ व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान विनोद मौर्य (40 वर्ष) पुत्र लालू मौर्य के रूप में हुई है, जो क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्ड नंबर 1 से निर्वाचित थे।
मिली जानकारी के अनुसार, विनोद मौर्य पहले ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ समय पूर्व उन्होंने गांव में ही सब्जी की दुकान खोलकर जीविका चलानी शुरू की थी। विनोद अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियां सुप्रिया और सुनिधि तथा एक पुत्र प्रिंस को छोड़ गए हैं।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते बृहस्पतिवार की शाम विनोद मौर्य ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई, जिससे परिजन घबरा गए और तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार ले जाया गया।
देवरिया में रफ्तार का कहर: 24 घंटे में दो हादसों ने छीनी दो जिंदगियां, यातायात व्यवस्था पर खड़े सवाल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया के लिए रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।
घटना से क्षेत्र में सनसनी
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान विनोद मौर्य ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बेसुध हो गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
विनोद मौर्य की मां चांन गुड्डी का रो-रो कर बुरा हाल है। बेटे की असमय मौत से वह गहरे सदमे में हैं। वहीं पत्नी और बच्चों की स्थिति भी अत्यंत दयनीय बनी हुई है।
इस आकस्मिक घटना को लेकर पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। विनोद मौर्य के निधन से गांव के लोग स्तब्ध हैं। उनके चाहने वालों और शुभचिंतकों का उनके घर पर आना-जाना लगातार बना हुआ है।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।