हिंदी
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भटनी के घर में घुसकर चाकूबाजी (Img: Dynamite News)
Deoria: सदर कोतवाली क्षेत्र के भुजौली कॉलोनी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास में घुसकर एक ई-रिक्शा चालक और उसके साथ आए लोगों ने कथित तौर पर चाकू से पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। हमले में पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता उम्र 55 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पुत्र अजय गुप्ता उम्र 28 वर्ष को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम राजेश कुमार गुप्ता लाइट का सामान बस से उतरवाकर पुरवा चौराहे से अपने भुजौली आवास पर बिजली का सामान ले जाने के लिए ई-रिक्शा चालक को रोका । सामान ले जाने से चालक के इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
ये भी पढ़ें- ‘पूरी जमीन कब्जा कर लेंगे, कहीं शिकायत की तो जान से मार देंगे’; आरोप लगाकर DM ऑफिस के सामने धरने पर बैठा परिवार
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे 8 से 10 की संख्या में लोग भुजौली कॉलोनी स्थित राजेश कुमार गुप्ता के आवास पर पहुंचे। आरोपियों ने फाटक खुलवाकर घर में प्रवेश किया और राजेश कुमार गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया। उनकी आवाज सुनकर पुत्र अजय गुप्ता मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनके गले तथा हाथ पर चाकू से वार कर घायल कर दिया।
घटना के बाद हमलावर कथित तौर पर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने धमकाते हुए कहा कि उनकी पहुंच काफी ऊपर तक है और उनके खिलाफ कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना से जुड़े कुछ हिस्से कैमरे में कैद हुए हैं।
ये भी पढ़ें- ‘स्कूल ठीक करो’: नोएडा से सौरभ दास ने शुरू किया अभियान, युवाओं से बोले- अपने स्कूलों का ऑडिट करो
वहीं, मोहल्लेवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तीन संदिग्ध हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, जबकि पांच अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गंभीर रूप से घायल राजेश कुमार गुप्ता की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। वहीं उनके पुत्र अजय गुप्ता का इलाज महरर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में चल रहा है।
Location : Deoria
Published : 15 September 2026, 4:07 PM IST
Topics : crime news Deoria News Knife attack UP News