हिंदी
देवरिया में बुजुर्ग की हत्या
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समोगर में मंगलवार की देर रात एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग का अपराध सिर्फ इतना था कि वह अपने बेटे को पड़ोसियों की पिटाई से बचाने पहुंच गया था। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, मृतक की पहचान 61 वर्षीय मंहथ गोड़ के रूप में हुई है, जो पेशे से राजगीर मिस्त्री थे। परिजनों के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद परिवार सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों और उनके बेटे अशोक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने अशोक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
जब यह सूचना मंहथ गोड़ को मिली तो वह बिना देर किए बेटे को बचाने के लिए बाहर निकले। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह कोशिश उनकी जिंदगी की आखिरी कोशिश साबित होगी।
महराजगंज: मेधावी छात्रों पर बरसी कामयाबी की चमक, 21-21 हजार के चेक पाकर खिले होनहारों के चेहरे
परिजनों का आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावरों ने मंहथ गोड़ के सिर पर लाठी और डंडों से ताबड़तोड़ वार किया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग मौके पर ही गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही अस्पताल से मौत की सूचना गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। गांव में मातम का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि मामूली विवाद इतना हिंसक रूप कैसे ले सकता है।
विदेश में प्यार, शादी और फिर देश में दूसरा निकाह, इंसाफ के लिए मुजफ्फरनगर पहुंची महिला
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मदनपुर थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि मौत की सूचना मिली है, लेकिन फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती, तो इस जघन्य घटना को टाला जा सकता था। घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर अपराधियों को जल्द सजा नहीं मिली, तो ऐसे अपराधों के हौसले और बढ़ेंगे।
Location : Deoria
Published : 4 February 2026, 9:07 AM IST
Topics : Deoria News Murder Case UP News UP Police क्राइम