हिंदी
दुष्कर्म मामले का 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दुष्कर्म के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 20 वर्षीय दिव्यांशु यादव के रूप में हुई है। उसे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धनौती तिराहे के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को एक महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दी थी। महिला का आरोप था कि दो बाइकों पर सवार कुछ लोगों ने बड़हरा चौराहे के पास उसकी कार को रोक लिया। इसके बाद उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की गई। शिकायत में महिला ने अपने देवर के साथ मारपीट करने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप लगाया था।
महिला ने आरोप लगाया था कि घटना के बाद आरोपियों की ओर से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक मामले में नामजद पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। वहीं, दिव्यांशु यादव फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अब पुलिस ने वांछित इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी नगर देवरिया संजय कुमार रेड्डी के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 15 September 2026, 6:48 PM IST