हिंदी
दीपीका नागर की मौत मामले में बड़ा खुलासा (Img: Google)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा इलाके में हुई दीपिका नागर की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस बेटी को परिवार ने बड़े अरमानों के साथ विदा किया था, वही शादी के कुछ महीनों बाद रहस्यमयी हालात में मृत मिली। आरोप है कि दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
मामले में पुलिस ने पति रितिक और उसके पिता मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में गुस्सा और मातम दोनों का माहौल है।
दीपिका के परिजनों का कहना है कि वह पढ़ाई में बेहद तेज थी और उसने पोस्ट ग्रेजुएशन किया था। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि गांव में उसकी सुंदरता और सरल स्वभाव की चर्चा होती थी। माता-पिता ने उसकी शादी धूमधाम से की थी और करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे, ताकि बेटी का जीवन खुशहाल रहे।
लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही दीपिका के चेहरे की मुस्कान गायब होने लगी। परिजनों का आरोप है कि पति, सास-ससुर और अन्य रिश्तेदार लगातार कार और नकदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर दीपिका को प्रताड़ित किया जाता था।
दीपिका के पिता संजय ने बताया कि 17 मई की दोपहर बेटी का फोन आया था। उसने रोते हुए बताया कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और फॉर्च्यूनर कार व 50 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं। बेटी की बात सुनकर पिता तुरंत अपने साले बाबू प्रधान के साथ जलपुरा पहुंचे। वहां दोनों पक्षों को समझाया गया और माहौल शांत कराने की कोशिश की गई। परिजनों को उम्मीद थी कि अब सब ठीक हो जाएगा, लेकिन रात होते-होते ऐसा फोन आया जिसने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
रात करीब 12:30 बजे समधी मनोज ने फोन कर बताया कि दीपिका सीढ़ियों से गिर गई है। जब परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा तो दीपिका की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि दीपिका को बेरहमी से पीटा गया था। उसके शरीर पर 30 से अधिक गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। परिवार का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने पति रितिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा और तन्नी समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
कानपुर में फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़, पुलिस ने खोले कई राज
पीड़ित परिवार का दावा है कि दीपिका का ससुर मनोज एक कॉलोनाइजर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी पति रितिक एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था और गांव में झगड़ों को लेकर उसका नाम पहले भी सामने आ चुका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Location : Greater Noida News
Published : 19 May 2026, 9:50 AM IST