हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Agra: आगरा के बासौनी क्षेत्र के खरगपुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी के महज पांच महीने बाद गुंजन नाम की विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस दिन भाई अपनी बहन को वट सावित्री व्रत का उपहार देने पहुंचा, उसी दिन उसे बहन की लाश देखनी पड़ी। यह दृश्य देखकर भाई सनी के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस जांच में मामला दहेज हत्या का सामने आया है। सोमवार को बासौनी पुलिस ने विवाहिता के पति दिलीप शर्मा और सास चंद्रकांता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बाह क्षेत्र के फरैरा गांव निवासी गुंजन की शादी 11 दिसंबर 2025 को खरगपुरा गांव निवासी दिलीप शर्मा के साथ हुई थी। परिवार ने बेटी की शादी धूमधाम से की थी, लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा।
Police Encounter in UP: देवरिया में पुलिस मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली
गुंजन के पिता चंद्रभान ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले कार और एसी की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न भी किया जाता था।
15 मई को गुंजन का भाई सनी अपनी बहन के लिए वट सावित्री व्रत का उपहार लेकर ससुराल पहुंचा था। घर के बाहर ताला लगा हुआ था। जब अंदर जाकर देखा तो गुंजन का शव फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार की शिकायत के आधार पर पति दिलीप शर्मा, सास चंद्रकांता, ननदोई विवेक कुमार, ननद कल्पना और उसके ससुर राकेश कुमार उर्फ पप्पू के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।
कानपुर में फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़, पुलिस ने खोले कई राज
एसओ बासौनी के अनुसार, पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
Location : Lucknow
Published : 19 May 2026, 9:28 AM IST