यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव: एक मिनट में 6 लोगों की बिछी लाशें, जानें कैसे उजड़ा परिवार?

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 February 2026, 12:53 PM IST
google-preferred

Mathura: मथुरा में शनिवार का दिन एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे के नाम हो गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि कुछ ही सेकेंड में छह जिंदगियां खत्म हो गई। यह दर्दनाक हादसा थाना सुरीर कोतवाली क्षेत्र में माइलस्टोन 88 के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े लोग अचानक मौत के मुंह में चले गए।

बस रुकी, यात्री उतरे और तभी हो गया हादसा

पुलिस के मुताबिक दिल्ली से कानपुर देहात जा रही एक बस यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए रुकी थी। बस में सवार यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे ही थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक टैंकर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि लोग कई फीट दूर जा गिरे।

चीख-पुकार और अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

अस्पताल पहुंचते ही 6 को किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की राहत टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि बस पूरी तरह खड़ी थी और यात्री सुरक्षित तरीके से नीचे उतरे थे, लेकिन पीछे से आए टैंकर ने सब कुछ तबाह कर दिया।

अधिकारी मौके पर, जांच शुरू

जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पोस्टमार्टम और मुआवजे की तैयारी

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Location : 
  • Mathura

Published : 
  • 7 February 2026, 12:53 PM IST

Advertisement
Advertisement