हिंदी
सुबह टहलने निकले थे जवान (Source: X)
Ghazipur: गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान शशिकांत सिंह (36) की मौत हो गई। वह दो दिन की छुट्टी पर अपने गांव आए थे। सुबह टहलने निकले जवान को वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
भवानीपुर कंसहरी गांव निवासी CRPF Jawan Shashikant Singh वाराणसी स्थित सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन में तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, वह दो दिन की छुट्टी पर शनिवार शाम अपने पैतृक घर पहुंचे थे।
शनिवार भोर करीब चार बजे वह घर से लगभग 200 मीटर दूर वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के फुटपाथ पर टहलने के लिए निकले। वह मऊ की ओर जाने वाली लेन के फुटपाथ पर कुछ दूर ही आगे बढ़े थे कि पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन आया।
बताया गया कि गाजीपुर की ओर से मऊ की तरफ जा रहे वाहन ने पीछे से जवान को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
Sundar Pichai को Trump ने क्यों कहा ‘Monster’? जवाब सुनकर हंस पड़े लोग
शशिकांत सिंह की छुट्टी पांच अक्तूबर को समाप्त होनी थी और इसके बाद उन्हें दोबारा ड्यूटी पर लौटना था। ड्यूटी पर वापसी से कुछ दिन पहले ही हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
जवान की मौत की खबर घर पहुंचते ही मां गायत्री देवी, पत्नी प्रियंका सिंह और तीनों बच्चों परी सिंह, शौर्य सिंह और रुद्र सिंह का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई पवन कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अब हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन और चालक की पहचान होने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
Location : New Delhi
Published : 4 October 2026, 12:18 PM IST