हिंदी
पबजी खेलते लखनऊ की महिला से बांग्लादेशी युवक को हुआ प्यार (Img: AI Generated Image)
Lucknow: ऑनलाइन गेमिंग के दौरान शुरू हुई एक दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसका अंदाजा शायद दोनों को भी नहीं रहा होगा। लेकिन यही कहानी उस वक्त पुलिस के लिए जांच का विषय बन गई, जब लखनऊ में एक बांग्लादेशी युवक के भारतीय दस्तावेजों के साथ रहने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले में युवक के साथ एक जनसेवा केंद्र संचालक को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान मो. सज्जाद हुसैन (28) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बांग्लादेश के चटगांव इलाके का रहने वाला बताया गया है। उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट के अलावा कथित तौर पर फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसके साथ भदेवा निवासी जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा (40) को भी गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आई कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा दोनों की पहली मुलाकात है। पुलिस के अनुसार, सज्जाद की साल 2018 में लखनऊ की एक महिला से PUBG गेम खेलते समय पहचान हुई थी। दोनों गेम में पार्टनर बनकर खेलते थे और इसी दौरान बातचीत शुरू हुई।
ये भी पढ़ें- Shivam Sharma Murder Case: दोस्तों के साथ निकला था इकलौता बेटा, नदी से शव मिलने पर खुला राज
धीरे-धीरे गेम की दोस्ती वॉट्सऐप कॉल और चैट तक पहुंच गई। बातचीत बढ़ी तो दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ने लगीं। पुलिस का कहना है कि महिला से मिलने के लिए सज्जाद साल 2023 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। लखनऊ पहुंचने के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और भदेवा में साथ रहने लगे।
पुलिस जांच के मुताबिक, भारत में रहने और बैंक खाता खुलवाने के लिए सज्जाद ने मोहम्मद तलहा से संपर्क किया। आरोप है कि तलहा ने उसके लिए फर्जी जन्म और निवास प्रमाणपत्र तैयार कराए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कथित तौर पर आधार कार्ड बनवाया गया और फिर पैन कार्ड व वोटर आईडी भी तैयार कराई गई।
पुलिस के अनुसार, इन दस्तावेजों के लिए सज्जाद ने तलहा को अलग-अलग समय पर करीब 15 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद उसने इन्हीं पहचान पत्रों के आधार पर बैंक खाता और मोबाइल सिम भी हासिल कर लिया।
ये भी पढ़ें- Meghalaya: बेटे को बचाने के लिए मां तीन घंटे चलती रही, लेकिन गोद में ही टूट गई उसकी सांस
थाना बाजारखाला पुलिस को सूचना मिली थी कि भदेवा स्थित नसीरुल्ला अपार्टमेंट में एक बांग्लादेशी युवक एक महिला के साथ रह रहा है। सूचना की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सज्जाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी भारतीय पहचान पत्र, दो मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज मिलने की बात कही गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में खुफिया एजेंसियों ने भी दोनों से पूछताछ की है।
Location : Lucknow
Published : 4 October 2026, 10:53 AM IST