ट्रैफिक व्यवस्था पर खबर छपी तो भड़के सिपाही, पत्रकारों को बताया ‘बिकाऊ’, बदायूं में सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद

बदायूं में ट्रैफिक जाम की समस्या पर प्रकाशित खबर के बाद ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही द्वारा सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी विवादों में आ गई है। मामले ने पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया आचरण, अभिव्यक्ति की मर्यादा और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 June 2026, 11:48 PM IST
google-preferred

Budaun : जिले की ट्रैफिक व्यवस्था की खामियों को उजागर करने वाली एक खबर के बाद ट्रैफिक पुलिस के सिपाही सतवीर पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी विवादों में आ गई है। सिपाही ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पत्रकारों के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

क्या लिखा सिपाही ने?

दरअसल, स्थानीय समाचार मंच द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ा एक पोस्ट साझा किया गया था। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए @SatyaveerPatel हैंडल से कई टिप्पणियां की गईं।

एक टिप्पणी में लिखा गया, "इसलिए पूरे विश्व में मीडिया की रैंक 180 देशों में 157 है, एक बोतल और सिगरेट पर बिकने वाले पत्रकार।"

इसके अलावा उन्होंने लिखा, "जब इतना लग रहा है तो रोड भी डबल करा दो, बसे निकल जाएं तो पूरा रोड जाम हो जाता है, कितनी बार रोड चौड़ी होने के लिए निकले हो।" एक अन्य जवाब में उन्होंने केवल "Yes" लिखकर प्रतिक्रिया दी।

“विपक्षियों से मिले हैं दरोगा…”, बदायूं में पीड़ित दुकानदार ने SSP से मांगी सुरक्षा की गुहार

अन्य यूजर ने भी पत्रकारों पर कसा तंज

मामले में एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने भी पत्रकारों पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि वीडियो बनाने के बजाय ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में मदद करनी चाहिए। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई।

विवाद बढ़ने पर पुलिस ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद बदायूं पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल @budaunpolice की ओर से जवाब दिया गया। पुलिस ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित रूप से प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने का कार्य किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन चौराहे पर लगे जाम को हटवा दिया गया है और वर्तमान में यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

सोशल मीडिया आचरण और ड्यूटी पर उठे सवाल

सिपाही की टिप्पणी के बाद सवाल उठ रहे हैं कि वर्दीधारी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कैसे कर सकते हैं। आलोचकों का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की टिप्पणियां सेवा आचरण और शालीनता के मानकों के अनुरूप नहीं हैं।

नई बहस का बना विषय

फिलहाल पुलिस लाइन चौराहे पर जाम हटाए जाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन सिपाही के ट्वीट ने ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों के सोशल मीडिया व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग इस मामले में कोई कार्रवाई करता है या नहीं।

Location :  Budaun

Published :  3 June 2026, 11:48 PM IST

Advertisement