हिंदी
कूड़ा निस्तारण केंद्र पर लटके ताले (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: स्वच्छता अभियान के दावों के बीच कोल्हुई कस्बे की सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। नियमित साफ-सफाई के अभाव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि स्थानीय लोगों और राहगीरों का सड़कों से गुजरना मुश्किल हो गया है।
सरकार द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) भी उपयोग के अभाव में शो-पीस बनकर रह गया है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था ठप होने से पूरा कस्बा डंपिंग यार्ड में तब्दील होता दिखाई दे रहा है।
सफाई व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कस्बे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। कई मोहल्लों और मुख्य मार्गों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे लोग खाली पड़े भूखंडों और सड़क किनारे कचरा फेंकने को मजबूर हैं।
कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पुनर्चक्रण के उद्देश्य से बनाए गए आरआरसी सेंटर का समुचित संचालन नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि यदि केंद्र को नियमित रूप से संचालित किया जाता तो कस्बे में यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
महराजगंज में सख्ती: सीओ ने चलाया चेकिंग अभियान, हूटर-सायरन और काली फिल्म पर कार्रवाई
बढ़ रही बदबू, बीमारी का खतरा
कस्बे के प्रमुख चौराहों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में जमा कूड़ा अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। तेज धूप और उमस के कारण कचरे से उठने वाली दुर्गंध आसपास के वातावरण को दूषित कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदबू घरों तक पहुंच रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार गंदगी और सड़ते कचरे से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष खतरा रहता है।
महराजगंज में चोरी के एक माह बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं, पीड़ित परेशान
व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी
मुख्य बाजार क्षेत्र में फैले कचरे से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और दुर्गंध के कारण ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, आरआरसी सेंटर को संचालित कराने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 3 June 2026, 8:31 PM IST