हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Nainital: नैनीताल सरोवर नगरी नैनीताल में बुधवार को भी पर्यटकों की अच्छी आमद देखने को मिली। दिनभर नगर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रौनक बनी रही और हजारों पर्यटकों ने सुहावने मौसम का आनंद लिया। अनुमानित तौर पर छह हजार से अधिक सैलानी नैनीताल पहुंचे, जिससे माल रोड, नैनीझील किनारा और अन्य दर्शनीय स्थल गुलजार रहे।
सुबह के समय मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और हल्की बारिश शुरू हो गई। रिमझिम बारिश के बीच पर्यटक मौसम का आनंद लेते नजर आए। कई लोग बारिश से बचने के लिए बैंड स्टैंड और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रुके रहे, जबकि कुछ पर्यटकों ने बारिश के बीच ही घूमने का आनंद लिया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को नगर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आई ठंडक से पर्यटकों को गर्मी से राहत मिली और पर्यटन गतिविधियों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली।
बुधवार को पर्यटक वाहनों का दबाव अपेक्षाकृत कम रहा, जिसके चलते पुलिस को रूसी बाईपास पर वाहनों को रोकने की आवश्यकता नहीं पड़ी। हालांकि शाम के समय भवाली रोड पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। कैंची धाम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लौटने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे जाम की स्थिति बनी रही।
वहीं बस स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें पर्याप्त बसें नहीं मिल पा रही हैं। बसों के इंतजार के बावजूद सुविधा न मिलने पर कई लोगों को मजबूरन टैक्सी के माध्यम से हल्द्वानी और काठगोदाम की यात्रा करनी पड़ रही है। पर्यटकों ने परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग भी उठाई है।
Location : Nainital
Published : 3 June 2026, 8:11 PM IST
Topics : IMD Nainital tourist Uttarakhand News Weather Update