हिंदी
यूपी में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और राज्य में गुलाबी ठंड ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है। पछुआ हवाओं के चलने और आसमान साफ रहने की वजह से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है, जिससे सुबह और देर शाम के समय लोगों को हल्की सिहरन महसूस होने लगी है।
सोमवार को सुबह के वक्त वातावरण में अच्छी-खासी ठंडक रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप खिलने से हल्की गर्मी का अहसास भी हुआ। हालांकि, जैसे ही शाम ढली, ठंडी हवाओं ने एक बार फिर मौसम का रुख बदल दिया और ठंडक लौट आई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मौसम का अनूठा रंग देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान यहाँ अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह है कि दिन और रात के तापमान में करीब 13 डिग्री सेल्सियस का बड़ा अंतर बना हुआ है।
Weather Update: UP, Bihar, Delhi समेत 17 राज्यों में बारिश की चेतावनी, जानें मौसम का हाल
न्यूनतम पारा गिरकर 18 डिग्री पर पहुँचने से अब देर रात और भोर के समय पंखों की स्पीड धीमी करनी पड़ रही है। लोगों को अब रात में हल्की चादरों और सुबह के वक्त हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। तड़के चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग फुल आस्तीन के कपड़ों और हल्के ट्रैक सूट में नजर आ रहे हैं। वहीं, दोपहर के समय साफ आसमान की वजह से तेज धूप निकलती है जिससे हल्की गर्मी लगती है।
मुरादाबाद और उसके आसपास के इलाकों में भी मौसम ने करवट ली है। पश्चिम दिशा से चली ठंडी हवाओं की वजह से यहाँ रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। यहाँ के लोगों को सोमवार की सुबह नवंबर के शुरुआती दिनों जैसी ठंड का अहसास हुआ।
मुरादाबाद स्थित राजकीय मौसम वेधशाला में सोमवार को रात का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन में मौसम में बदलाव के बाद से अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। तापमान घटने से सुबह की ठंडक और बढ़ गई है। सुबह जल्दी घर से बाहर निकलने वाले दोपहिया वाहन सवारों को भी हल्के गर्म कपड़े पहनने की जरूरत महसूस होने लगी है।
सुल्तानपुर : पति की हत्या के केस में जमानत पर छूटी महिला के साथ ससुराल में क्या हुआ? वीडियो वायरल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के सक्रिय होने की वजह से वातावरण में नमी कम हो रही है। आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों और पश्चिमी विक्षोभ में होने वाले मौसमी बदलावों का सीधा असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा।
अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम के इस रुख को देखते हुए यह साफ है कि दीपावली के आसपास प्रदेश में ठंड का असर और अधिक बढ़ जाएगा। आने वाले दो दिनों तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बने रहने के आसार हैं।
Location : Lucknow
Published : 20 October 2026, 8:24 AM IST