हिंदी
घर की चारदीवारी से सफलता की नई उड़ान तक फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Nainital/ Bhimtal: कभी घर की चौखट तक सीमित रहने वाली भीमताल विकासखंड की पांच महिलाओं ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की मदद से इन महिलाओं ने न केवल अपना व्यवसाय खड़ा किया, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।
सपनों को नई उड़ान
भीमेश्वर ग्राम संगठन से जुड़ी इन महिलाओं के सामने आर्थिक संसाधनों की कमी सबसे बड़ी चुनौती थी। सीमित आय के कारण स्वयं का कारोबार शुरू करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन सरकारी योजना के तहत मिले सात लाख रुपये के ऋण ने उनके सपनों को नई उड़ान दे दी। इस वित्तीय सहायता के बाद महिलाओं ने भीमताल विकास भवन परिसर में मिलेट बेकरी ग्रोथ सेंटर की स्थापना की।
स्थानीय स्तर पर अलग पहचान
आज यह बेकरी सेंटर स्थानीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। यहां तैयार किए जाने वाले मिलेट आधारित उत्पादों को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। कारोबार के बढ़ने के साथ इस केंद्र ने तीन अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है, जिससे यह पहल केवल एक व्यवसाय नहीं बल्कि रोजगार सृजन का माध्यम भी बन गई है।
भारत का वो गांव जहां एक महीने में सूखते हैं कपड़े, वजह कर देगी हैरान
मासिक आय अब करीब 60 हजार रुपये तक
महिलाओं के इस समूह की मासिक आय अब करीब 60 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इससे न केवल उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं द्वारा हासिल की गई यह सफलता आसपास के क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
छोटे गांवों से भी सफलता की बड़ी कहानियां
यह पहल महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और मोटे अनाज यानी मिलेट्स को बढ़ावा देने की दिशा में एक सफल उदाहरण मानी जा रही है। भीमताल की इन महिलाओं ने साबित कर दिया है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो और सरकारी योजनाओं का सही लाभ मिले, तो छोटे गांवों से भी सफलता की बड़ी कहानियां लिखी जा सकती हैं।
Location : Nainital
Published : 3 June 2026, 9:05 PM IST
Topics : Bhimtal Nainital News women empowerment