‘हल्ला बोल’ आंदोलन: हरदोई में तेज बारिश के बीच कांग्रेस का चक्का जाम, किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

हरदोई में मूसलधार बारिश भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। जिला और शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रांतीय आह्वान पर ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने यूरिया संकट, आवारा पशु और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हुए सरकार से इस्तीफे की मांग की।

Hardoi: तेज बारिश के बावजूद हरदोई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ। सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर ‘हल्ला बोल’ आंदोलन के तहत जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया। किसानों की समस्याओं, विशेषकर यूरिया की किल्लत और आवारा पशुओं के मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर जमकर हमला बोला और इस्तीफे की मांग की।

सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय से हुई। जहां सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए यह काफिला मेडिकल कॉलेज रोड होते हुए सिनेमा चौराहा पहुंचा। लगातार हो रही बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर सरकार की किसान विरोधी नीतियों का विरोध किया।

इन मांगों को उठाया

प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें किसानों को समय पर यूरिया, खाद, बीज और सुरक्षा देने की मांग की गई।

बरसते पानी में कांग्रेस का चक्का जाम, हल्ला बोल प्रदर्शन में सरकार से इस्तीफे की मांग

"यह सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है"

प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और यूपी प्रभारी आनंद पाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “सहकारी समितियों पर भाजपा से जुड़े लोग बैठे हैं, जो किसानों की खाद में कालाबाजारी कर रहे हैं। यह सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और किसानों का मानसिक व शारीरिक शोषण कर रही है।”

"आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने किया"

इस आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने किया। उन्होंने कहा कि “किसान खरीफ की फसल के लिए जरूरी यूरिया नहीं पा रहा है। कभी खाद की कमी तो कभी आवारा पशुओं से फसलें बर्बाद हो रही हैं। कृषि मंत्री बयानबाजी तक सीमित हैं, लेकिन कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष कर रही है।”

बरसते पानी में कांग्रेस का चक्का जाम, हल्ला बोल प्रदर्शन में सरकार से इस्तीफे की मांग

ये सरकार कुर्सी और लाभ की चिंता में लगी

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने नारेबाजी के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि “भाजपा की नीतियों ने किसानों को मानसिक रूप से कमजोर कर दिया है। सत्ता में बैठे नेता केवल अपनी कुर्सी और लाभ की चिंता में लगे हैं।”

भाजपा पर गंभीर आरोप

पूर्व जिलाध्यक्ष कुंवर मिथलेश सिंह चौहान ने भाजपा पर आरोप लगाया कि सरकार केवल अपने व्यापारी मित्रों को फायदा पहुंचा रही है, जबकि किसान आर्थिक तंगी में जी रहा है।

कब तक होगा आंदोलन

पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि “समितियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान सत्ता पक्ष निरीक्षण करने के बजाय लूट को नजरअंदाज कर रहा है।” इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी संख्या में भागीदारी देखी गई। बारिश में भीगते हुए भी वे डटे रहे, जिससे यह संदेश गया कि कांग्रेस किसानों और आम जनता के हितों के लिए गंभीर है और किसी भी कीमत पर लड़ाई जारी रखेगी।

Location : 
  • Hardoi

Published : 
  • 25 August 2025, 11:18 PM IST

Advertisement
Advertisement