Deoghar: गणेश मार्केट में दिनदहाड़े वारदात से दहला शहर, पुलिस ने 3 बदमाशों को दबोचा

देवघर शहर के व्यस्ततम बाजारों में शुमार गणेश मार्केट में स्थित शिवम अलंकार ज्वेलर्स में हुई दुस्साहसिक लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल व्यापारियों को दहशत में डाल दिया था...

Updated : 7 May 2026, 4:09 PM IST
google-preferred

Deoghar: देवघर शहर के व्यस्ततम बाजारों में शुमार गणेश मार्केट में स्थित शिवम अलंकार ज्वेलर्स में हुई दुस्साहसिक लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल व्यापारियों को दहशत में डाल दिया था, बल्कि शहर की कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि, पुलिस की तेज़ कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के दम पर इस कांड में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन

3 मई 2026 की दोपहर अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान को निशाना बनाया। पहले दुकान का शटर गिराया गया और फिर अंदर मौजूद लोगों को भयभीत कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और व्यापारी वर्ग में भारी नाराज़गी देखी जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। नगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की।

घेराबंदी कर तीन अपराधियों को धर दबोचा

इसी क्रम में नंदन पहाड़ के समीप घेराबंदी कर तीन अपराधियों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत कुमार झा, दिव्यांश रंजन और सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रशांत और दिव्यांश का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और दोनों पहले भी कई घटनाओं में संलिप्त रह चुके हैं। वहीं सौरभ कुमार इस पूरे कांड में रेकी कर अपराधियों को जानकारी उपलब्ध कराने का काम कर रहा था।

अब बिल्डर नहीं छिपा पाएंगे सच! घर खरीदने से पहले एक क्लिक में खुल जाएगी पूरी ‘कुंडली’

कई वारदातों में शामिल 

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई लाल और काले रंग की Hero Xtreme मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा लूट की रकम में से 10,100 नकद बरामद किया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस अब इस गिरोह के अन्य साथियों और इनके नेटवर्क की भी गहराई से जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि यह गिरोह पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा हो सकता है।

शहर में कानून व्यवस्था

इस पूरे मामले की जानकारी देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस लगातार ऐसे तत्वों पर नजर बनाए हुए है।

 

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं इस खुलासे ने यह संदेश भी दे दिया है कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से वारदात को अंजाम दें, कानून के हाथ उनसे ज्यादा लंबे हैं।

Location :  Deoghar

Published :  7 May 2026, 4:09 PM IST

Advertisement