

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता कुछ समय के लिए थमी हुई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। कई नदियां अब भी उफान पर हैं और बाढ़ से प्रभावित जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
धूप और उमस से लोग परेशान
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार कुछ समय के लिए थम गई है, जिससे प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने 11 सितंबर से फिर से मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई है, खासतौर पर तराई क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां धीमी पड़ी हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि राजस्थान की ओर शिफ्ट हुए अवदाब की वजह से मानसूनी ट्रफ रेखा उत्तर की ओर खिसक रही है। इससे 11 सितंबर के बाद कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और अन्य तराई जिलों में फिर से बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक राजधानी और आसपास के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, जिससे राहत की उम्मीद कम ही है।
भले ही बारिश की रफ्तार थम गई हो, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में नदियों का बढ़ता जलस्तर अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। गंगा, यमुना, घाघरा और रामगंगा जैसी प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। अलीगढ़, बरेली, मथुरा, हाथरस और शाहजहांपुर जैसे जिलों में बाढ़ के हालात अब भी गंभीर हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी: कई जिलो में येलो अलर्ट जारी, जानें अपने जिले का हाल
धूप और उमस से लोग परेशान
शाहजहांपुर जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बरेली मोड़ ओवरब्रिज के नीचे से लेकर मौजमपुर गांव तक पानी भर गया है। लगभग डेढ़ किलोमीटर तक दो फुट गहरा पानी और तेज बहाव वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रहा है। शाम होते-होते पानी का बहाव और तेज हो गया, जिससे दोपहिया और हल्के वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया।
UP Weather Alert: यूपी में मौसम का यू-टर्न! तेज बारिश थमी, जानिए कब मिलेगी गर्मी और उमस से राहत?
स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन तेज बहाव और जलभराव के चलते राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर लोग पानी में पैदल चलने को मजबूर हैं।
हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो यह गर्मी और उमस ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। 11 सितंबर से प्रदेश के तराई क्षेत्रों में मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बाकी जिलों में अब भी भारी बारिश के संकेत नहीं हैं।