हिंदी
मिड डे मिल में मिला कीड़ा (Img: Dynamite News)
Chandauli: चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में मिड डे मील व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बच्चों को परोसे जा रहे भोजन में कीड़े मिलने के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत भोजन वितरण पर रोक लगा दी। इस मामले ने बच्चों की सेहत और मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला मुगलसराय के पूर्वी बाजार स्थित कंपोजिट विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक स्कूल में बच्चों को दिए जा रहे मिड डे मील में कीड़े पाए गए। कुछ बच्चों के भोजन खाने की बात भी सामने आई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे की तबीयत बिगड़ने की सूचना नहीं मिली है।
ये भी पढ़ें- Murder in Maharajganj: संपत्ति के लालच में तार-तार हुई रिश्तों की मर्यादा, ससुर हत्याकांड में बहू समेत 4 गिरफ्तार
घटना सामने आते ही स्कूल प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल भोजन वितरण बंद करा दिया। बच्चों को खराब भोजन से बचाने के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में मिड डे मील की सप्लाई एक एनजीओ के माध्यम से की जाती है। प्रधानाचार्य ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही पहले भी सामने आ चुकी है। उनके अनुसार, इसी साल यह तीसरी बार है जब भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
स्कूल प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी है। साथ ही भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी बच्चों की सेहत से जुड़ी इस लापरवाही पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
ये भी पढ़ें- खजनी तहसील में न्यायिक व्यवस्था पर संकट, अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से मांगा समाधान
फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि दूषित भोजन की आपूर्ति में किस स्तर पर चूक हुई। इस घटना ने सरकारी स्कूलों में मिलने वाले मिड डे मील की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Chandauli
Published : 31 July 2026, 8:22 PM IST