हिंदी
Chandauli: जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक ट्रक से 775 पेटी यानी करीब 6935 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1.20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंधीताली पुल के पास NH-19 पर की गई। पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि ट्रक चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश करते हुए भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए वाल पुट्ठी की बोरियों के नीचे रखा था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टेज और मैकडावल ब्रांड की शराब शामिल है।
पुलिस ने मौके से ट्रक सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि गिरोह पुलिस को गुमराह करने के लिए आगे चल रही ब्रेजा कार का इस्तेमाल करता था। कार सवार तस्कर लगातार ट्रक को पुलिस की लोकेशन और चेकिंग की जानकारी दे रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्रेजा कार को भी पकड़ लिया और उसमें सवार दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, तस्कर शराब को दिल्ली-चंडीगढ़ से बिहार ले जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Location : Chandauli
Published : 21 September 2026, 2:24 AM IST