हिंदी
वन विभाग की टीम पर महिला ने बोला हमला
चंदौली: जिले के जयमोहनी रेंज अंतर्गत अमदहा चरनपुर आरक्षित वन भूमि में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब वन विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला बोल दिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला हाथ में कुल्हाड़ी लिए वन कर्मचारियों को दौड़ाती नजर आ रही है। इस हमले में वन विभाग की टीम को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि, वन विभाग को आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से एक कुआं खोदे जाने की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और कुएं को पाटने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद अतिक्रमणकारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
वन अधिकारियों का आरोप है कि अतिक्रमणकारी न सिर्फ हाथ में डंडे और कुल्हाड़ियां लेकर आए थे, बल्कि उन्होंने टीम के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की। एक महिला द्वारा कुल्हाड़ी लेकर वनकर्मियों को खदेड़ने की घटना कैमरे में कैद हो गई, जो अब वायरल हो चुकी है। इस हंगामे के दौरान वहां स्थित एक खपरैल के मकान में आग भी लग गई। हालांकि, अतिक्रमणकारियों का आरोप है कि आग वन विभाग की टीम ने लगाई और उनके साथ अभद्रता की।
खपरैल के मकान में लगी आग
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं, वन विभाग ने चार अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नौगढ़ थाने में तहरीर दी है। तहरीर में शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और आरक्षित वन भूमि में अवैध निर्माण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
क्षेत्रीय वन अधिकारी का कहना है कि आरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की खुदाई या निर्माण पूरी तरह से गैरकानूनी है। विभाग को जब सूचना मिली कि अमदहा चरनपुर इलाके में अवैध रूप से कुआं खोदा जा रहा है, तब टीम कार्रवाई के लिए वहां पहुंची थी। लेकिन अतिक्रमणकारियों ने कानून अपने हाथ में लेकर टीम पर हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसे मामलों से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा के साथ कार्य किया जाएगा।
Location : Chandauli
Published : 19 June 2025, 12:03 PM IST
Topics : Chandauli News Forest Department Attack Land Encroachment Case UP News Viral video Woman with Axe