हिंदी
कानपुर में वीरू सिंह की मौत का मामला गरमाया (IMG: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर में वीरू सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। परिजनों ने हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए नौबस्ता-सागर हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया था।
कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा निवासी वीरू सिंह की मौत के बाद मामला गरमा गया। परिजनों ने नौबस्ता-सागर हाईवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। परिवार ने मामले में हत्या की साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से दोबारा जांच करने और उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और उनकी शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।
मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज को लेकर कई सवाल उठे थे। आरोप था कि वीरू सिंह कार की छत पर घसीटते रहे, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। परिजनों ने पुरानी रंजिश की बात भी कही थी और घटना को सामान्य सड़क हादसा मानने पर आपत्ति जताई थी।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, वीरू सिंह अपने साथी विक्रम के साथ बाइक से जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, वीरू नशे की हालत में रास्ते में उतर गए और पैदल चलने लगे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर पड़ा एक डंडा उठाकर पटकना शुरू कर दिया। तभी दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वीरू कार के बोनट से होते हुए छत पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, विक्रम ने कार का पीछा करते हुए चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और शीशा चढ़ा लिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार की तलाश की। जांच के दौरान कार की लोकेशन फतेहपुर के जहानाबाद में मिली, जिसके बाद वाहन बरामद कर लिया गया। पुलिस ने कार चालक पवन यादव और उसके साथी दिलीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पवन यादव के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। वहीं, कार में सवार बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों पिंटू और दीपक की तलाश की जा रही है।
Location : Kanpur
Published : 22 October 2026, 4:11 PM IST