हिंदी
पीड़ित की फोटो
Mainpuri: मैनपुरी में एक कारोबारी के साथ ऐसा विश्वासघात हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया। जिस नौकर पर व्यापारी ने भरोसा कर उसे अपने साथ काम पर रखा था, वही मौका मिलते ही लाखों की नगदी लेकर फरार हो गया।दिनदहाड़े हुई इस वारदात में आरोपी नौकर करीब 4 लाख 85 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है।
मामला मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर निवासी मो० मन्नान बेवर में पी.एस.एम. डिग्री कॉलेज के पास किराए के कमरे में कंबल का कारोबार करते हैं। उनके पास करीब सात लोग काम करते थे। इन्हीं में शामिल एक नौकर मो० फरमान ने भरोसे का फायदा उठाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया।
बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की है, जब व्यापारी किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने कमरे में रखे रुपयों से भरा बैग उठा लिया और मौके से फरार हो गया।
जब शाम को व्यापारी वापस कमरे पर पहुंचे तो उन्हें नगदी गायब मिली। शक होने पर उन्होंने कमरे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि नौकर फरमान ही बैग लेकर बाहर निकल रहा है। इस खुलासे के बाद व्यापारी के होश उड़ गए।
वारदात के बाद से ही आरोपी का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। पीड़ित ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद व्यापारी ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित व्यापारी मो० मन्नान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बताया कि मेहनत से कमाई गई बड़ी रकम चोरी हो जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Mainpuri
Published : 12 March 2026, 6:32 PM IST
Topics : CCTV Footage crime news mainpuri news Theft Case UP News