हिंदी
मैनपुरी के गांव पहाड़पुर में नल पर कपड़े धो रही महिला के साथ दबंगों ने बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
थाना एलाऊ
Mainpuri: जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। दिनदहाड़े गांव के बीच दबंगों ने एक अकेली महिला को घेरकर जिस तरह पीटा, उसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाठी-डंडों से लैस दबंगों की बर्बरता कैमरे में कैद हो गई और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
यह सनसनीखेज मामला जनपद मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव पहाड़पुर का है। गांव के सार्वजनिक नल पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला रोज की तरह कपड़े धोने पहुंची थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि मामूली सी बात इतनी भयावह हिंसा में बदल जाएगी।
पीड़िता के मुताबिक, वह नल पर कपड़े धो रही थी, तभी गांव के कुछ दबंग वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया तो दबंगों का गुस्सा और भड़क गया। देखते ही देखते कई लोग एकजुट हो गए और महिला को चारों ओर से घेर लिया।
आरोप है कि दबंगों ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। महिला चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसे बचाने की हिम्मत नहीं की। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
मारपीट के बाद आरोपी दबंग मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते महिला को जान से मारने की धमकी भी दे गए। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को धमका रहे हैं, जिससे पूरा परिवार डर और दहशत के साये में जी रहा है।
मैनपुरी डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: रिश्तेदार और पड़ोसी निकले कातिल, जानें पूरी खबर
घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना एलाऊ पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।