हिंदी
टीचर ने ठुकराया स्टूडेंट का ऑफर तो आशिक ने मैडम का होंठ काट दिया
Mainpuri: मैनपुरी में एक सनकी छात्र ने गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। कक्षा 12 के एक छात्र ने अपनी ही महिला टीचर पर जानलेवा हमला करते हुए दोनों होंठ काट डाले। ट्यूशन पढ़ाने जा रही महिला टीचर का रास्ता रोककर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। टीचर की हालत गंभीर है और आगरा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है।
मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां कक्षा 12 में पढ़ने वाले एक सिरफिरे छात्र ने अपनी ही महिला टीचर पर बेरहमी से हमला कर दिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र पहले स्कूल में ही महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ करता था। इसकी शिकायत टीचर ने छात्र के परिजनों से की थी। कुछ समय तक छात्र का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन बाद में उसने फिर से हरकतें शुरू कर दी। परेशान होकर महिला टीचर ने वह स्कूल छोड़ दिया और दूसरे विद्यालय में पढ़ाने लगी, लेकिन आरोपी छात्र ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा।
घटना वाले दिन महिला टीचर एक बच्चे को घर पर ट्यूशन पढ़ाने जा रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे सनकी छात्र ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। आरोपी ने पहले महिला टीचर के गले में हाथ डालकर जबरन आगे ले जाने की कोशिश की और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने टीचर के चेहरे पर वार करते हुए दोनों होंठ काट डाले। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल टीचर को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला टीचर का इलाज आगरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी छात्र महिला टीचर को गले में हाथ डालकर ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज में इसके बाद हमला करते हुए भी आरोपी नजर आता है। टीचर के भाई ने सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल महिला टीचर के परिजन मीडिया से बात करने से बच रहे हैं।
पुलिस का बयान
सीओ सिटी मैनपुरी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला टीचर के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 5 February 2026, 12:53 PM IST