चंदौली में सरकारी कार्रवाई के दौरान अचानक बिगड़े हालात, मौके पर मचा हड़कंप

चंदौली के सदर थाना क्षेत्र स्थित मझवार रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाने गई पंचायत टीम पर अतिक्रमणकारियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

Updated : 5 February 2026, 12:31 PM IST
google-preferred

Chandauli: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझवार रेलवे स्टेशन के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अतिक्रमण हटाने पहुंचे पंचायत विभाग के कर्मियों पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस अतिक्रमणकारियों ने सफाई कर्मियों और पंचायत कर्मचारियों को निशाना बनाया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भड़का विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत विभाग की टीम मझवार रेलवे स्टेशन के आसपास लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। प्रशासन के निर्देश पर जब कर्मचारी अतिक्रमण हटाने लगे, तभी कुछ अतिक्रमणकारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई और मारपीट में बदल गया।

Chandauli News: सीओ सदर के नेतृत्व में बड़ा एक्शन, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सीधी कार्रवाई

लाठी-डंडों से किया गया हमला, कर्मियों में मची अफरा-तफरी

आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पंचायत विभाग के सफाई कर्मी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को हल्की चोटें आने की भी बात सामने आ रही है। हमले के चलते कुछ देर के लिए काम पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस के सामने भिड़े अतिक्रमणकारी

हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। अतिक्रमणकारी पुलिस के सामने ही आक्रामक होते दिखे और कर्मचारियों से भिड़ गए। स्थिति बिगड़ती देख सदर थाना पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और बीच-बचाव कर हालात पर काबू पाया। पुलिस ने हमलावरों को खदेड़कर मौके से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं

घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अतिक्रमणकारी लाठी-डंडों के साथ पंचायत कर्मियों पर हमला कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रशासन की सख्त के संकेत, कार्रवाई की तैयारी

घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। सदर थाना पुलिस ने कहा कि वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Chandauli News: नशे में धुत ट्रक चालक ने मचाई तबाही, चाय की दुकान में घुसकर दो लोगों की ली जान; मचा हड़कंप

इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। प्रशासन की ओर से साफ संदेश दिया गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और विरोध के नाम पर हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

Location : 
  • Chandauli

Published : 
  • 5 February 2026, 12:31 PM IST

Advertisement
Advertisement